राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय बिहार दौरे पर, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक रूट, नहीं तो होगी परेशानी

पटना। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय बिहार दौरे पर बुधवार को पटना पहुंच रहीं हैं। मुर्मु राज्य सरकार की ओर से तैयार चौथे कृषि रोडमैप को किसानों को समर्पित करेंगी। राष्ट्रपति वायुसेना के विशेष विमान से 11.25 बजे पटना पहुंचेंगी। गार्ड ऑफ ऑनर व अन्य औपचारिकताओं के बाद वे सीधे बापू सभागार जाएंगी।

बापू सभागार में कार्यक्रम के लिए 12 बजे से एक बजे दिन का समय निर्धारित है। राज्य के 35 सौ किसानों एवं सात सौ जीविका दीदियों के साथ पांच हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसमें महिला किसान भी शामिल रहेंगीं। चौथे कृषि रोडमैप पर 162268.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

कृषि सचिव संजय अग्रवाल ने बताया कि राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के मंत्री भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। राज्य सरकार की ओर से बुधवार को राजभवन में रात्रि भोज का आयोजन होगा।

12 विभाग लगाएंगे प्रदर्शनी, जीआइ टैग उत्पाद होंगे प्रदर्शित

कृषि, पशु व मत्स्य संसाधन, ऊर्जा, राजस्व व भूमि सुधार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, उद्योग, गन्ना, जल संसाधन, लघु जल संसाधन, ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

राष्ट्रपति का कार्यक्रम

18 अक्टूबर

– राष्ट्रपति बापू सभागार में कृषि रोडमैप लांच करेंगी

– तख्त हरिमंदिर गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकेंगीं

– गवर्नर हाउस में रात्रि भोज में सम्मिलित होंगीं

19 अक्टूबर

– महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के दीक्षा समारोह में सम्मिलित होंगी l

– पटना एम्स के दीक्षा समारोह को संबोधित करेंगी

20 अक्टूबर

– गया में केंद्रीय विश्वविद्यालय, दक्षिण बिहार के दीक्षा समारोह में विद्यार्थियों को मेडल देंगी।

– गया से ही दिल्ली के लिए रवाना होंगी

आज बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पटना आगमन पर बुधवार को राजधानी की कई मुख्य सड़कों पर सामान्य यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। कई स्थानों पर निजी वाहनों के प्रवेश वर्जित रहेंगे। वाहन चालक गंतव्य तक जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर सकते हैं। पटना ट्रैफिक पुलिस ने रूट प्लान जारी है।

सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक

सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक हवाई अड्डा आने-जाने वाले यात्रियों के वाहनों का प्रवेश एवं निकास गेट नंबर दो से होगा।

10 से दोपहर एक बजे तक

सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक गोलघर के पास आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ मोड़ से चिल्ड्रन पार्क, ज्ञान भवन, कारगिल चौक की ओर वाहनों का परिचालन वर्जित होगा।

जेपी गंगा पथ से वाहन जा सकेंगे। राजापुर पुल से बोरिंग रोड, नेहरू पथ और पुराना बाइपास की तरह भी रोक नहीं रहेगी। कारगिल चौक से चिल्ड्रन पार्क की ओर परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

ये गाड़ियां कारिगल चौक से रामगुलाम चौक होकर एक्जीबिशन रोड से जाएंगी। चितकोहरा से सचिवालय की ओर जाने वाले वाहन गर्दनीबाग के रास्ते हार्डिंग रोड व फुलवारी से अनिसाबाद जाने वाले वाहन पटेल गोलंबर होकर नेहरू पथ अथवा फुलवारी जेल से जगदेव पथ की ओर जा सकेंगे।

अशोक राजपथ में पूरब दरवाजा से श्रीहरि मंदिर साहिब जाने पर रोक अशोक राजपथ में पूरब दरवाजा से तख्त श्रीहरि मंदिर साहिब की ओर जाने पर रोक रहेगी। इस रूट में जाने वाले वाहन मोर्चा रोड से सुदर्शन पथ होकर पटना साहिब स्टेशन जाएंगे।

पश्चिम दरवाजा से सदर गली होकर सुदर्शन पथ अथवा खाजेकलां घाट गंगा पथ से जा सकेंगे। दोपहर तीन से शाम पांच बजे के बीच दिनकर गोलंबर, नाला रोड, एक्जीबिशन रोड से नेहरू पथ आ सकते हैं।

राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व कारकेड का पूर्वाभ्यास

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन से पूर्व मंगलवार को उनके कारकेड का पूर्वाभ्यास किया गया। इसमें एंबुलेंस समेत 35 वाहन थे। कारकेड पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान में बापू सभागार तक गया और उसी रास्ते वापस राजभवन पहुंचा। यह पूर्वाभ्यास था।

एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रपति की 18 और 19 अक्टूबर को पटना में होने वाली अलग-अलग यात्राओं को लेकर तीन तीन रूट निर्धारित किए गए हैं। तीनों मार्गों पर दंडाधिकारी और ढाई सौ से अधिक पुलिस अधिकारी के साथ 12 सौ जवानों की प्रतिनियुक्ति रहेगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *