शिमला से भी ज्यादा ठंडी दिल्ली, तापमान 1.5  डिग्री से नीचे लुढ़का…शीतलहर का कहर जारीNew Delhi: Commuters come out of the Shivaji Bridge station during a cold and foggy winter morning, in New Delhi, Thursday, Jan. 5, 2023. (PTI Photo/Vijay Verma) (PTI01_05_2023_000045B)

नई दिल्ली, दिल्ली में तीन दिन से शीत लहर (Cold Wave) का कहर जारी है। घने कोहरे के कारण विजिविलिटी भी कम है, जिस कारण यातायात पर भी असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह के बाद से कोहरा हटने के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण रविवार से ठंड से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। सफदरजंग में शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे तापमान 2.2 डिग्री से. और लोधी रोड का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली के रिज में तापमान 1.5 डिग्री और आयानगर का 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजस्थान के चुरू में 0 डिग्री और बीकानेर में 2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश के डलहौजी का तापमान 4.9 डिग्री से., धर्मशाला का 5.2 डिग्री से. और शिमला का 3.7 डिग्री से. रहा। उत्तराखंड के देहरादून का 4.6 डिग्री से., मसूरी का 4.4 डिग्री सेल्सियस और और नैनीताल का 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

शुक्रवार को दिल्ली के आया नगर में सबसे कम तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया था, शनिवार को भी सर्दी का सितम ऐसा ही रहेगा। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी सर्दी का सितम जारी है जबकि जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ सुधार होने से घाटी में भीषण सर्दी से कुछ राहत मिली है।

यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। यलो अलर्ट भी जारी है। इसके बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार से तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं।

ट्रेनें और हवाई यातायात प्रभावित

उत्तर-पश्चिम भारत और देश के मध्य तथा पूर्वी हिस्सों में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित हुआ। खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 30 उड़ानों और कम से कम 30 ट्रेनों को दिल्ली पहुंचने में देरी हुई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम में सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

उत्तराखंड-हिमाचल के कई शहरों से भी कम तापमान

शुक्रवार को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो डलहौजी (8.7 डिग्री से.), धर्मशाला (5.4 डिग्री से.), शिमला (6.2 डिग्री से.), देहरादून (4.4 डिग्री से.), मसूरी (6.4 डिग्री से.) और नैनीताल (6.5 डिग्री से.) से भी कम है। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे कम अधिकतम तापमान जफरपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 59 से 100 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सात जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। यह पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को रविवार से ही प्रभावित कर सकता है। उधर शनिवार को भी दिन के समय दिल्ली में आसमान साफ रह सकता है। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा हो सकता है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और पांच डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *