नई दिल्ली। हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक से इनकार के बाद गुरुवार देर शाम ईडी की टीम ने अरविंद केजरीवाल के घर पर पहुंची। करीब 2 घंटे की छापेमारी और पूछताछ के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री को जांच एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया। उधर शराब घोटाले के मामले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोक की मांग को लेकर लीगल टीम सुप्रीम कोर्ट भी पहुंची है। इस मामले में आज सुनवाई हो सकती है। वहीं, ईडी अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करके पूछताछ के लिए हिरासत की मांग करेगी।
आइटीओ पर प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस दौरान आइटीओ पर यातायात खुलवाया जा रहा है।
हिरासत में लिए जा रहे AAP कार्यकर्ता
दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया है। मालूम हो कि आप कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से आइटीओ के लिए मार्च कर रहे हैं। आप कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर आइटीओ चौक जाम कर दिया है।
आईटीओ पर दिल्ली पुलिस की चेतावनी- सभी लोग यहां से चले जाएं
आईटीओ पर दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को यहां से चले जाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नहीं तो हमें बल प्रयोग करना पड़ेगा। दिल्ली पुलिस के अधिकारी बार-बार यह कह रहे हैं कि यहां पर धारा 144 लागू है इसलिए तुरंत यहां से चल जाएं, यहां पर लोगों के इकट्ठा होने पर मनाही है।
आम आदमी पार्टी से डरती है भाजपा- संजय सिंह के पिता
आप नेता संजय सिंह के पिता भी डीडीयू मार्ग पर प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल आम आदमी पार्टी और झाड़ू से डर है दिल्ली की जनता से उनका कहना है कि उन्होंने तीन बार अरविंद केजरीवाल को चुना है और दिल्ली की जनता इसके लिए तारीफ के काबिल है।
ईडी ऑफिस आने वाले मार्ग को किया गया बंद
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रामचरण अग्रवाल चौक पर नारेबाजी शुरू कर दी है और साथ ही यहां पर पुलिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, ईडी ऑफिस आने वाले मार्ग को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर दोनों तरफ से बंद कर दिया है। यहां पर सिर्फ मीडिया को आने की अनुमति दी जा रही है।
ईडी से केजरीवाल की जान को खतरा- सौरभ भरद्वाज
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भरद्वाज ने कहा कि दिल्ली के तीन बार के मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार की ईडी ने गिरफ्तार किया है। कहा कि अंग्रेज भी न्यूनतम मानवीय मूल्यों का ध्यान रखते थे, इसका भी ध्यान नहीं रखा गया है। कल मैं भी वहीं था, मगर केंद्र सरकार ने इतनी नैतिकता गिरा दी है कि कल से उनके परिवार को किसी से नहीं मिलने दिया जा रहा है। यह केवल इसलिए किया जा रहा है कि उनके बूढ़े माता पिता और पत्नी व बच्चों के पास जाकर यह न कह सके कि वे उनके साथ है। केजरीवाल ईडी के पास हैं। हमें ईडी पर विश्वास नहीं है। ईडी से केजरीवाल की जान को खतरा है। यह बात मैं इसलिए कह रहा हूं कि जनता इस बारे में आवाज उठा सके।
आप के प्रदर्शन में पहुंचे संजय सिंह के पिता
सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आज आम आदमी पार्टी डीडीयू मार्ग पर स्थित भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन कर रही है। संजय सिंह के पिता भी आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे हैं।
डीडीयू मार्ग पर आम लोगों की एंट्री बंद
डीडीयू मार्ग पर कई सरकारी दफ्तर हैं, ऐसे में आई कार्ड देखने के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह बंद है। केवल जिनके दफ्तर हैं उन्हीं को आई कार्ड देखने के बाद जाने दिया जा रहा है अन्य लोगों की या आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की वीडियो मार्ग पर जाने पर पूरी तरह से मनाही है।
भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी आप
दिल्ली पुलिस का कहना है कि दस बजे आप ने भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने का एलान किया है। कार्यकर्ताओं को जल्द हिरासत में ले लिया जाएगा। पुलिस अधिकारी का कहना है कि कल के हालात को देखते हुए अधिक संख्या में आप कार्यकर्ताओं के ईडी मुख्यालय और भाजपा मुख्यालय के बाहर पहुंचने की संभावना कम है।
पुलिस को शक, आप या विपक्ष के नेता कर सकते हैं हंगामा
हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, पीएम आवास, एचएम आवास, राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ और साउथ फॉन्टेन आदि सभी प्रमुख प्रतिष्ठानों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। पुलिस को शक है कि आप या विपक्ष के नेता कहीं भी हंगामा कर सकते हैं। नई दिल्ली को पुलिस छावनी में तब्दील कर किया गया है।
पुलिस छावनी में तब्दील हुई नई दिल्ली
ईडी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लंच के बाद दो बजे कोर्ट में पेश कर दस दिन की रिमांड की मांग करेगी। इसे लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने सभी थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं की वे अपने अपने इलाके में चौकसी रखें , गश्त करते रहें। नई दिल्ली में सबसे अधिक सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अरविंद केजरीवाल एक विचार है- गोपाल राय
दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी पर कहा कि अरविंद केजरीवाल जी एक व्यक्ति नहीं एक विचार हैं। देश के लोगों से अपील है कि भाजपा की तानाशाही के खिलाफ एकजुट हों।
ईडी कार्यालय जाने वाले मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग
ईडी कार्यालय जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर रखी है। मार्ग पर आने जाने वाले वाहनों के लिए किसी भी तरह की रोक नही है। गाड़ियों को चेकिंग के बाद आगे जाने दिया जा रहा है। अभी तक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ईडी कार्यालय के अंदर हैं।
ITO मेट्रो स्टेशन आज रहेगा बंद
दिल्ली पुलिस की सलाह पर आईटीओ मेट्रो स्टेशन आज यानी 22 मार्च 2024 को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा।
आप कार्यालय पर कड़ी सुरक्षा
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को कल गुरुवार रात एक्साइज पॉलिसी मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार कर मुख्यालय लाए जाने के बाद आज आम आदमी पार्टी कार्यालय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
आईटीओ पर की गई बैरिकेडिंग
प्रवर्तन निदेशालय ने कल गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया। जिसके बाद आज आईटीओ पर बैरिकेडिंग की गई है।
केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आप ने किया SC का रूख
AAP नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री अतिशी ने कहा कि हमने सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ अर्जी लगाई है। 22 मार्च को सुबह ही सुप्रीम कोर्ट में इसका जिक्र किया जाएगा। हम उम्मीद करते हैं कि इस देश का सुप्रीम कोर्ट इस देश के लोकतंत्र की रक्षा करेगा
भाजपा मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेगी आप
AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद एक लड़ाई शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि आप आज सुबह 10 बजे बीजेपी मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेगी। गोपाल राय ने कहा कि अगर भाजपा सोचती है कि वे आम आदमी पार्टी को खत्म कर सकते हैं और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके पूरे विपक्ष को धमकी दे सकते हैं, तो वे गलत हैं।
भाजपा ने करोड़ों लोगों का किया अपमानः गोपाल राय
दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा कि देश स्तब्ध है कि अदालत में मामला विचाराधीन होने के बावजूद आनन-फानन में दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि आज देश में इस बात का एलान हुआ है कि अगर भाजपा और उसकी सरकार के खिलाफ कोई बोलने की जुर्रत करेगा तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने करोड़ों लोगों का अपमान किया है। यह दिल्ली के दो करोड़ लोगों की गिरफ्तारी है। देश के संविधान से मोहब्बत करने वालों को गिरफ्तार किया गया है।
ईडी मुख्यालय पहुंची मेडिकल टीम
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम मुख्यालय पहुंच गई है। यहां उनकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। केजरीवाल को एक्साइज पॉलिसी मामले में गिरफ्तार किया गया है।
अरविंद केजरीवाल को ED मुख्यालय लाया गया
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी मुख्यालय लाया गया। बता दें कि मुख्यमंत्री केजरीवाल को ईडी ने दिल्ली शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार किया है।
केजरीवाल को लेकर निकली ईडी की टीम
गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम अरविंद केजरीवाल को लेकर उनके घर से निकल गई है। प्रवर्तन निदेशालय की टीम दिल्ली के मुख्यमंत्री को ईडी दफ्तर लेकर जाएगी। केजरीवाल को कल सुबह ईडी कोर्ट में पेश करेगी।
ईडी ऑफिस पहुंचे नई दिल्ली डीसीपी
नई दिल्ली डीसीपी देवेश कुमार महला ईडी ऑफिस के बाहर पहुंचे। उन्होंने कंफर्म कर दिया है कि अरविंद केजरीवाल को ईडी कार्यालय में ही लाया जाएगा। इसी वजह से वह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा करने मौके पर पहुंचे हैं।
अरविंद सिंह लवली पहुंचे सीएम आवास
अरविंद केजरीवाल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कल कोर्ट में ईडी पेश कर सकती है। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली पहुंचे। उन्होंने कहा आप हमारे गठबंधन की पार्टी है। कांग्रेस घबराती नही है, हम आप के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं
केजरीवाल की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी का बयान
रविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सांसद राहुल गाँधी ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। INDIA इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।
SC रजिस्ट्रार के घर जा रहे केजरीवाल के वकील
दिल्ली के मुख्यमंत्री की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के बाद अरविंद केजरीवाल के वकील सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्रार के घर जा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल के वकील रजिस्ट्रार से तत्काल सुनवाई की मांग करेंगे।
राखी बिड़ला को हिरासत में लिया
दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रही आप विधायक राखी बिड़ला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बता दें कि अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली शराब घोटाले के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
केजरीवाल को कल कोर्ट में पेश करेगी ED
Delhi CM Arrest Live Update: अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार को ईडी पीएमएलए कोर्ट में पेश करेगी। इस दौरान जांच एजेंसी पूछताछ के लिए अरविंद केजरीवाल की हिरासत की मांग करेगी। बता दें कि 2 घंटे की छापेमारी और पूछताछ के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री को ईडी ने गिरफ्तार किया था।
आज रात ही सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की मांग
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर दिल्ली की मंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखा, “हमने ईडी द्वारा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। हमने आज रात ही सुप्रीम कोर्ट से तत्काल सुनवाई की मांग की है।”
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ही मुख्यमंत्री रहेंगे। चाहे जेल से सरकार चलानी पड़ी तो चलाएंगे। आतिशी ने गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में केस फाइल करने की बात कही।
अरविंद केजरीवाल को ED ने गिरफ्तार किया
करीब 2 घंटे की पूछताछ के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक से इनकार के बाद जांच एजेंसी ने गुरुवार की शाम को दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर पहुंची थी।
केजरीवाल के घर पर छापेमारी पर JDU का बयान
अरविंद केजरीवाल के आवास पर ED की छापेमारी पर जदयू ने बयान आ गया। जेडीयू के राष्ट्रीय सचिव राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। अरविंद केजरीवाल ने ईडी के 9 समन को नजरअंदाज किया है।
आज रात SC से तत्काल सुनवाई मांग नहीं करेंगे- अभिषेक सिंघवी
प्रवर्तन निदेशालय की दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर पर छापेमारी के बीच उनके वकील ने बयान दिया है। वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल आज रात सुप्रीम कोर्ट में सुरक्षा की याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग नहीं करेंगे।
आवास से काफी दूर पहले ही बैरिकेडिंग
आम आदमी पार्टी के किसी भी नेता को केजरीवाल के आवास तक जाने नहीं दिया जा रहा है। आवास से काफी दूर पहले ही पुलिस में बैरिकेडिंग लगा दिया है। बड़ी संख्या में लोग माहौल को देखने के लिए भी आ गए हैं जिससे भारी भीड़ लग गई है।
ईडी की छापेमारी पर वीरेंद्र सचदेवा का बयान
ईडी की छापेमारी के पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति में घोटाला किया है, दिल्ली की जनता को लूटा है, दिल्ली को लूटने का काम किया है। इसलिए यदि आपने जनता को धोखा दिया है, चोरी की है, या भ्रष्टाचार किया है, तो इसका परिणाम भी आपका ही होगा। आपने इसके बहाने शराब नीति बदलने में चोरी और भ्रष्टाचार किया है, इसका जवाब आपको देना होगा।”
पहुंचे करीब 2000 सुरक्षाकर्मी
अरविंद केजरीवाल के घर पर ईडी की छापेमारी के बीच करीब 2000 से अधिक दिल्ली पुलिस और अर्द्ध सैनिक बलों के जवान यहां पहुंच गए हैं। आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी यहां पहुंचना शुरू हो गया है। आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा विरोधी नारे लगाना शुरू कर दिया है।
तलाशी लेने की इतनी जल्दी क्या थी- महापौर
दिल्ली की महापौर ने कहा कि मामला कोर्ट में चल रहा है, अगली तारीख 22 अप्रैल तय की गई है। छापेमारी करने, गिरफ्तार करने, तलाशी लेने की इतनी जल्दी क्या थी? जिस तरह से यहां पुलिस तैनात की गई है, वह निंदनीय है। फोन जब्त होने से हमारा अरविंद केजरीवाल से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। आगे के इरादे जल्द ही स्पष्ट हो जाएंगे।
दिल्ली पुलिस को अलर्ट पर रहने को कहा
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त कानून व्यवस्था रवींद्र सिंह यादव का कहना है कि ईडी से दिल्ली पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया था। इससे माना जा रहा की देर रात उन्हें हिरासत में लेकर ईडी अपने मुख्यालय लेकर चली जाएगी।
अरविंद केजरीवाल का फोन जब्त
ईडी ने अरविंद केजरीवाल का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मुख्यमंत्री के घर पहुंचे दिल्ली विधान सभा स्पीकर राम निवास गोयल ने कहा कि मनीष सिसौदिया को गिरफ्तार किया गया था लेकिन कुछ पता नहीं चला। अब तक 600 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वे चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की आवाज को दबाना चाहते हैं और इसलिए उन्हें गिरफ्तार करना चाहते हैं। उधर मुख्यमंत्री आवास के बाहर आप कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
CM आवास के बाहर RAF तैनात
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) मौजूद है। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय की टीम पूछताछ के लिए अरविंद केजरीवाल के आवास पर मौजूद है।
केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिश- राघव चड्ढा
दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर पर ईडी की टीम पहुंचने पर आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की बड़ी साजिश है।
केजरीवाल के घर पहुंच रहे AAP नेता
दिल्ली के मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को गिरफतार करने की तैयारी है। वहीं, दिल्ली के सीएम के आवासा पर धीरे-धीरे आप नेताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। उत्तरी दिल्ली के डीसीपी मनोज कुमार मीणा सहित एसीपी और कई थानों के एसएचओ मौके पर पहुंच गए।
केजरीवाल के घर पहुंची ईडी की टीम
दिन भर हाई कोर्ट में चली सुनवाई के बाद केजरीवाल को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली। इसके बाद शाम को ईडी की टीम भारी पुलिस सुरक्षा के बीच सिविल लाइंस स्थित केजरीवाल के आवास पर पहुंच गई।
